Bihar News: मुंगेर में पुलिस कर्मियों के लिए बना यादगार पल, डीएम-एसपी ने परोसा खाना - Rajneeti Chowk : Hindi News हिन्दी न्यूज, Hindi Samachar, हिन्दी समाचार, Latest News, Rajneeti

राजनीति चौक के रिपोर्टर बनें

Breaking

Post Top Ad

Post Top Ad

Sunday, 3 December 2023

Bihar News: मुंगेर में पुलिस कर्मियों के लिए बना यादगार पल, डीएम-एसपी ने परोसा खाना

मुंगेर/बिहार (Munger/Bihar), 3 दिसम्बर 2023, रविवार : मुंगेर पुलिस लाइन में विभिन्न पर्वों के अवसर पर जिले भर में सामाजिक एकता , समरसता , ओजस्विता के साथ सफलतापूर्वक शांति एवं सौहार्द्रपूर्ण माहौल कायम रखने के लिए बड़ा खाना (सहभोज) का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर अवनीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक जगूनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने बड़ा खाना के दरम्यान कुछ ऐसा काम किया कि वहां मौजूद पुलिस कर्मी चकित करने वाला नजारा देखकर अचंभित रह गए।

डीएम और एसपी ने अपने-अपने हाथ में बाल्टी और कलछुल थाम लिए और लगे भोजन परोसने। दोनों वरीय अधिकारियों ने आत्मिक भाव से पुलिस कर्मियों को पूछ - पूछ कर खाना खिलाया और उनके द्वारा किए गए कुशलतापूर्वक दायित्व निर्वहन की जी भरकर तारीफ की। स्नेह और अपनत्व के बीच पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बड़ा खाना का जमकर लुफ्त लिया और यादगार पलों को "साहब " के साथ समेट कर उसे अपने जेहन में सुरक्षित किया। पदाधिकारी द्वय का यह अंदाज , आदर और अपनापन देखकर संबंधित जन हैरान रह गए।

जिलाधीश ने इस अवसर पर कहा कि बड़ा खाना सद्भाव और समरसता का द्योतक है। इसके जरिए लोगों को सामाजिक , नैतिक , वैचारिक और आत्मिक रूप से एकजुट किया जाता है। साथ बैठने और साथ भोजन करने से परस्पर प्रीत बढ़ती है तथा संगठन मजबूत होता है। पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी जिला एवं पुलिस प्रशासन के महत्वपूर्ण अंग हैं। त्यौहार अथवा विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन पर इनके द्वारा किए जाने वाले कर्तव्यों का निर्वहन अति प्रशंसनीय है। अपने परिवार जनों से दूर रहकर आमजनों को सुरक्षा प्रदान करना इनकी नियति है जो इन्हें अन्य से विलग करते हुए श्रेष्ठ बनाता है। डीएम ने पुलिस कर्मियों के प्राक्रम और वीरता को सैल्यूट करने के साथ उनका जमकर उत्साहवर्धन किया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्यौहार समेत अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर इनकी सजगता , सतर्कता और अराजक तत्वों पर फौरी कार्रवाई अनुकरणीय है।पुलिस कर्मियों के बदौलत ही हम दिन का अपना काम और रात की नींद चैन से ले पाते हैं। उन्होंने पुलिस को जिला प्रशासन , पुलिस प्रशासन और आमजन का अभिन्न अंग करार देते हुए उनके प्रति सौजन्यता प्रकट की। बड़ा खाना उल्लास और उमंग के वातावरण में संपन्न हो गया।

Post Top Ad