नई दिल्ली। भारत अब चांद पर जाने को तैयार है। चंद्रयान : 03 को चांद पर भेजने की तैयारी चल रही है। इसरो जुलाई महीने में इसे लांच करेगा। हालांकि इसरो ने अभी तक चंद्रयान : 03 को लॉन्च करने की कोई विशेष तारीख नहीं बताई है। लेकिन संगठन ने साफ कर दिया है कि जुलाई महीने में इसे लांच किया जाएगा।
इसरो के जानकार के मुताबिक अगर सब कुछ ठीक तरीके से चलता रहा तो जुलाई के दूसरे सप्ताह में चंद्रयान : 03 को लॉन्च किया जा सकता है। इसरो के वरिष्ठ अधिकारियों ने कुछ दिन पहले बताया था कि इसके लॉन्च करने से पहले बीते मार्च माह में ही जरूरी परीक्षणों को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
अंतरिक्ष यान को लॉन्च करने के दौरान कठोर कंपन और ध्वनिक वातावरण को संतुलित करने वाली क्षमता की पुष्टि कर दी गई थी। यह परीक्षण विशेष रूप से काफी महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण माने जाते हैं। चंद्रयान : 03 को अंतरिक्ष यान में श्रीहरिकोटा से एलवीएम : 03 द्वारा लांच किया जाएगा। चंद्रयान : 02 का ही अगला प्रोजेक्ट चंद्रयान : 03 है जो चंद्रमा की सतह पर उतरेगा और वहां पर परीक्षण करेगा। इसमें एक ऑर्बिटर , एक लैंडर और एक रोवर शामिल है।
बता दें कि कुछ दिन पहले इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने कहा था कि चंद्रयान : 03 मिशन के लिए पूरी तरह से तैयार है और इसको लेकर हम सभी विश्वास से ओतप्रोत हैं। उन्होंने कहा कि हम इस मिशन को लेकर उत्साहित हैं और हमें विश्वास है कि मिशन हर हाल में सफल होगा।