बिहार (Bihar), 26 अप्रैल 2023 : वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले ही बिहार में चुनावी सरगर्मियाँ तेज हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जमुई लोकसभा क्षेत्र (सु.) के सांसद चिराग पासवान को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का माहौल गरम है। लोजपा से अलग होकर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी बना चुके पशुपति कुमार पारस (Pashupati Kumar Paras) के भतीजे प्रिंस राज ने बीते दिनों मीडिया से बात करते हुए कह दिया कि चिराग पासवान जमुई से वर्ष 2024 में चुनाव नहीं लड़ेंगे। प्रिंस राज (Prince Raj) रालोजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष हैं। लोजपा के खंडित होने से पूर्व भी उन्हें चिराग ने बिहार प्रदेश अध्यक्ष बनाया था।
इस मामले के बाद चिराग पासवान के संसदीय क्षेत्र जमुई में राजनीतिक गहमागहमी मचा हुआ है। लोजपा (रामविलास) (Lok Janshakti Party (Ram Vilas)) के नेता-कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
रालोजपा (RLJP) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज एवं प्रवक्ता देवजानी मित्रा (Ddevjani Mitra) के बीते दिनों के बयानों पर नजर डालें तो पारस गुट का लगातार कहना है कि चिराग पासवान (Jamui MP Chirag Paswan) अपने वर्तमान संसदीय सीट जमुई को छोड़ देंगे। इनलोगों का लगातार कहना है कि वर्ष 2024 में चिराग जमुई छोड़कर हाजीपुर (Hajipur) सीट से चुनाव लड़ेंगे।
बता दें कि लोक जनशक्ति पार्टी (Lok Janshakti Party) वर्ष 2014 में चिराग पासवान के कहने पर ही एनडीए का हिस्सा बनी थी। तब से लगातार दो बार वर्ष 2014 एवं वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में जमुई से जीत हासिल कर सांसद बने।
वहीं लोजपा (रामविलास) के जमुई जिला के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की तरफ से ऐसे किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। चिराग ने भी अब तक कभी भी इस तरह की बात नहीं कही है। इसलिए भले ही लोक जनशक्ति पार्टी के पारस गुट राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (Rashtriya Lok Janshakti Party) के नेता-प्रवक्ता चिराग पासवान के जमुई सीट से चुनाव नहीं लड़ने की बात महज विरोधी गुट द्वारा दी जा रही राजनीतिक हवा ही है। लोजपा (रामविलास) द्वारा जमुई लोकसभा सीट को लेकर की जा रही तैयारियों को देखते हुए फिलहाल यह तय है कि चिराग पासवान जमुई से ही चुनाव लड़ेंगे।